काजा पहुंचे CM सुक्खू, ग्रामीणों के घर बिताएंगे रात; 2 मेगावाट सोलर प्लांट का किया शुभारंभ
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू जनजातीय क्षेत्र काजा के दौरे पर पहुंचे हैं। करीब 12 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित काजा में सुबह और शाम तापमान एक से दो डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री यहां ग्रामीणों के घर में रात बिताएंगे और उनकी समस्याएं जानेंगे। दौरे के दौरान सीएम सुक्खू ने रंगरिक में दो मेगावाट क्षमता वाले ग्रिड कनेक्टेड सोलर पावर प्लांट का शुभारंभ किया। इसके अलावा चिदांग तंगती से खर तेलिंग और तंजिट से हिक्किम सड़क का भी उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री आइस हॉकी ग्राउंड में अन्य विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और भूमि पूजन भी करेंगे। वहीं, शाम को वह कीह स्थित वृद्ध आश्रम में वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात करेंगे।






