मंडी-पठानकोट हाईवे पर रोलर से टकराई तेज रफ्तार ऑल्टो, तीन बच्चों समेत 6 गंभीर घायल; कार के उड़े परखच्चे
मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर पधर के भटेहड़-कुन्नू के पास वीरवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार ऑल्टो कार सड़क किनारे खड़े रोड रोलर से टकरा गई, जिसमें तीन बच्चों समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसा सुबह करीब पौने सात बजे हुआ, जब कार मंडी से पधर की ओर जा रही थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक चालक को नींद की झपकी आने के बाद कार अनियंत्रित हुई और रोड रोलर के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग और निर्माण कंपनी के सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे और कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को नागरिक अस्पताल पधर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए तीन बच्चों को जोनल अस्पताल मंडी रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।






