आप सरकार ने पंजाब को भारी कर्ज में डुबोया: अनुराग
पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने आज पंजाब के लुधियाना उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी जीवन गुप्ता के पक्ष में विशाल रोड शो व जनसभा को संबोधित कर प्रचार अभियान को धार दी व कहा कि आम आदमी पार्टी के कुशासन से आज पंजाब की जनता दुखी है और इन्होंने नशा मुक्त की बजाय पंजाब को किया नशा युक्त करने का काम किया है। पंजाब की सरकार सत्ता में आने से पहले किए गए वादों को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है, इसलिए लुधियाना उपचुनाव में मतदाताओं के पास सरकार को जवाब देने और उसकी नाकामियों पर सबक सिखाने का अवसर है। सरकार ने पंजाब को 'नशा मुक्त' बनाने का वादा किया था, लेकिन आज राज्य 'नशा युक्त' होता जा रहा है। राज्य में विकास कार्य थम गए हैं। सरकार ने युवाओं को रोजगार, किसानों को राहत और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन के जो वादे किए थे, वे सब अधूरे रह गए हैं। अनुराग सिंह ने कहा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने वादा किया था कि 22 फसलों पर एमएसपी देंगे लेकिन सरकार बनने के बाद पीछे हट गए, एक भी फसल पर नहीं लागू की। आम आदमी पार्टी में पंजाब को माफियाओं के हवाले कर दिया है। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा आज पंजाब में नियुक्तियों और लीडरशिप पर बाहरी लोगों का बोल बाला है।












