जलशक्ति विभाग के जेई बोले- नहीं मिला न्याय तो ठप करेंगे जल आपूर्ति
जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता (जेई) नवीन शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने प्रदेशभर के इंजीनियरों को झकझोर कर रख दिया है। प्रदेश जूनियर इंजीनियर्स एसोसिएशन (जलशक्ति विभाग) ने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री को मोमेरेंडम थ्रू डीसी चंबा मुकेश रेपसवाल लिखकर गहरी चिंता जताई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि प्रदेश के सैकड़ों कनिष्ठ अभियंता बेहद दुर्गम क्षेत्रों में कार्य कर रहे हैं। जहां उन्हें बर्फीली चोटियों, गहरे जंगलों, नदियों और खतरनाक रास्तों को पार करते हुए लोगों तक पेयजल पहुंचाना होता है। इस चुनौतीपूर्ण कार्य के बीच कई बार उन्हें समाज के असामाजिक तत्वों से भी जूझना पड़ता है। नवीन शर्मा की रहस्यमयी मौत इस बात का प्रमाण है कि जई न केवल भौगोलिक कठिनाइयों से, बल्कि सामाजिक दुश्मनी और खतरे से भी जूझ रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस स्थान पर नवीन शर्मा तैनात थे, वहां यह स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं कि यह मामला आत्महत्या का नहीं बल्कि हत्या का हो सकता है। इसी संदर्भ में एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि इस घटना की निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए और यदि किसी भी दोषी की भूमिका पाई जाती है तो उसे सख्त से सख्त सजा दी जाए। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में शीघ्र और न्यायोचित कार्रवाई नहीं की गई, तो प्रदेशभर के सभी कनिष्ठ अभियंता जल आपूर्ति सेवाएं ठप कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा सकते हैं। एसोसिएशन के अध्यक्ष ने पत्र के अंत में लिखा, 'हम मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री से अपील करते हैं कि इस संवेदनशील विषय को गंभीरता से लें और दिवंगत जई नवीन शर्मा को न्याय दिलाएं, ताकि राज्य के अन्य अभियंताओं का मनोबल बना रहे और उन्हें सुरक्षा का विश्वास मिले।'












