धर्मशाला मेयर चुनाव टलने पर भड़के सुधीर शर्मा, कांग्रेस पर लगाए लोकतंत्र से खिलवाड़ के आरोप
नगर निगम धर्मशाला के मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव कोरम के अभाव में टलने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। धर्मशाला के विधायक एवं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने कांग्रेस सरकार पर चुनाव प्रक्रिया को जानबूझकर प्रभावित करने का आरोप लगाया है।
सुधीर शर्मा ने कहा कि भाजपा के सभी 11 पार्षद सदन में मौजूद थे, लेकिन कांग्रेस समर्थित पार्षदों की अनुपस्थिति के कारण कोरम पूरा नहीं हो सका। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि कांग्रेस के पास बहुमत है, तो वह चुनाव से पीछे क्यों हट रही है।
उन्होंने दावा किया कि अगली बैठक में साधारण बहुमत के आधार पर चुनाव होगा और भाजपा पूरी मजबूती के साथ मेयर और डिप्टी मेयर पद पर जीत दर्ज करेगी। शर्मा ने प्रदेश सरकार पर नगर निगम, जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनावों को लगातार टालने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं के चुनावों में देरी करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
भाजपा विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अगले दो दिनों के भीतर जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों की तिथि घोषित नहीं की गई, तो भाजपा पूरे प्रदेश, विशेषकर कांगड़ा में बड़ा जनआंदोलन शुरू करेगी।
मुख्यमंत्री के बड़ा भंगाल दौरे पर टिप्पणी करते हुए सुधीर शर्मा ने कहा कि गद्दी संस्कृति और परंपराओं का सम्मान होना चाहिए तथा उनका राजनीतिक इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि एक जुलाई को होने वाले चुनाव में भाजपा बहुमत के दम पर धर्मशाला को नया मेयर और डिप्टी मेयर देगी।






