सोलन के भराड़ीघाट में चलती कार पर गिरी चट्टान, हादसे में कांग्रेस नेता की मौत, पत्नी-बेटा घायल
सोलन जिले के भराड़ीघाट में मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में शिमला शहरी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कारोबारी अनिल बख्शी की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब पहाड़ी से अचानक बड़ी चट्टानें और पत्थर सड़क पर आ गिरे। इनकी चपेट में अनिल बख्शी की कार आ गई। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के वक्त कार में अनिल बख्शी के साथ उनकी पत्नी और बेटा भी सवार थे। दोनों हादसे में घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए शिमला के आईजीएमसी लाया गया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और दुर्घटनाग्रस्त वाहन से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल भी बना रहा।
मालरोड पर थी गिफ्ट शॉप
अनिल बख्शी शिमला के जाने-माने कारोबारी भी थे। ऐतिहासिक मालरोड पर उनकी गिफ्ट शॉप थी। कारोबार के साथ-साथ वह सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहते थे। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद शिमला के कारोबारी वर्ग और परिचितों में शोक की लहर है।
शहरी कांग्रेस में निभाई अहम भूमिका
अनिल बख्शी शिमला शहरी कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं में शामिल थे। शहरी कांग्रेस अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने बताया कि अनिल बख्शी शिमला शहरी कांग्रेस कमेटी की सलाहकार समिति के सदस्य थे। इसके अलावा वह जाखू मंदिर कमेटी से भी जुड़े रहे।
इंद्रजीत सिंह ने कहा कि अनिल बख्शी पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता और संगठन के सच्चे सिपाही थे। उनके निधन से कांग्रेस संगठन को बड़ी क्षति हुई है, जिसकी भरपाई मुश्किल है।
पत्नी और बेटे का IGMC में इलाज
हादसे में घायल अनिल बख्शी की पत्नी और बेटे का आईजीएमसी शिमला में उपचार चल रहा है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और परिचितों में शोक का माहौल है। शिमला के कारोबारियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भी अनिल बख्शी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
भराड़ीघाट का यह हादसा एक परिवार के लिए अपूरणीय क्षति छोड़ गया है। वहीं, अनिल बख्शी के निधन से शिमला ने एक सक्रिय कारोबारी और वरिष्ठ राजनीतिक कार्यकर्ता को खो दिया है।






