जयराम ठाकुर के आरोपों पर सीएम सुक्खू का पलटवार, बोले- 'मेरे काम से खुश हैं राहुल गांधी और रजनी पाटिल'
चंबा। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के उन आरोपों का कड़ा जवाब दिया है, जिनमें उन्होंने दावा किया था कि कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने पार्टी हाईकमान को मुख्यमंत्री या उनकी कार्यशैली में बदलाव की जरूरत संबंधी रिपोर्ट सौंपी है। मुख्यमंत्री ने इन दावों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि जयराम ठाकुर सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों के आधार पर राजनीति कर रहे हैं।
सीएम सुक्खू ने कहा कि ऐसा लगता है कि नेता प्रतिपक्ष अब दिन में भी सपने देखने लगे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक लाभ के लिए सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट फैलाते हैं और भाजपा उन्हीं अफवाहों पर विश्वास कर बयानबाजी कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि भाजपा सोशल मीडिया की ऐसी बातों को ही सच मानती है, तो फिर "इस पार्टी का भगवान ही मालिक है।"
'मेरे काम से खुश हैं राहुल गांधी और रजनी पाटिल'
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी कार्यशैली में कोई कमी नहीं है और कांग्रेस नेता राहुल गांधी तथा प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल दोनों उनके कामकाज से संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व समय-समय पर सरकार के कार्यों की सराहना करता रहा है और नाराजगी की बातें केवल राजनीतिक अफवाहें हैं।
'ध्यान भटकाने के लिए दिए जा रहे ऐसे बयान'
सीएम सुक्खू ने आरोप लगाया कि भाजपा के एक विधायक के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में कार्रवाई होने के बाद जनता का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के बयान दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब भी प्रदेश सरकार जनता के हित में कोई बड़ा फैसला लेती है, भाजपा इसी तरह के नए राजनीतिक मुद्दे खड़े करने का प्रयास करती है ताकि सरकार के फैसलों से लोगों का ध्यान हटाया जा सके।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि उनकी सरकार जनता के हित में पूरी पारदर्शिता के साथ काम कर रही है और विपक्ष के आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है।






