ऊना में घर से बाजार गई बच्ची पर टूटा कुत्तों का झुंड, 42 सेकेंड तक मासूम को नोचता रहे; वीडियो वायरल
हिमाचल प्रदेश के ऊना शहर से आवारा कुत्तों के आतंक का एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है। शहर के नीलाघाट क्षेत्र में घर के नजदीक बाजार की ओर गई एक छोटी बच्ची पर आवारा कुत्तों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। इस दर्दनाक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कुत्तों का झुंड बच्ची पर टूट पड़ता है और करीब 42 सेकेंड तक उसे बुरी तरह नोचता रहता है। बच्ची खुद को बचाने की कोशिश करती रही, लेकिन कुत्तों के झुंड के सामने बेबस नजर आई। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकले और किसी तरह बच्ची को कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया।
हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और उसके शरीर पर कई गहरे घाव आए हैं। परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। पीड़िता की परिजन रानी देवी पत्नी गोपाल कृष्ण ने उपायुक्त ऊना को शिकायत पत्र सौंपकर आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर रोक लगाने और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों और बुद्धिजीवियों ने भी हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन प्रशासन को सौंपकर शहर में बढ़ते आवारा कुत्तों के आतंक से निजात दिलाने की गुहार लगाई है।
प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।






