डूगली में एक ही परिवार के छह लोगों पर मधुमक्खियों का हमला
उपमंडल घुमारवीं के तहत ग्राम पंचायत हरलोग के गांव डूगली में एक ही परिवार के छह लोगों पर मधुमक्खियों ने हमला कर घायल कर दिया। बताया जा रहा है कि परिवार के सभी सदस्यों को मधुमक्खियों ने सिर, पीठ आदि विभिन्न स्थानों पर काटा है। मधुमक्खियों के हमले के बाद लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। लोगों ने पीडि़तों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। पीडि़तों में चार पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। इनमें तीन वरिष्ठ व दो अधेड़ हैं हैं, जबकि एक युवक है। पीडि़तों की पहचान 64 वर्षीय करतार सिंह ठाकुर, 56 वर्षीय पुष्पा देवी, 68 वर्षीय जगन्नाथ, 59 वर्षीय साल प्रीतम सिंह ठाकुर, 54 वर्षीय कांता देवी व 32 वर्षीय अजय कुमार शामिल है। आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात लोगों ने शहद निकालने के लिए मधुमक्खियों के छाते के साथ छेड़छाड़ की होगी, जिसके कारण मधुमक्खियां गुस्से में थी। मिली जानकारी के अनुसार करतार सिंह ठाकुर, जगन्नाथ ठाकुर और प्रीतम सिंह भाई हैं। पुष्पा देवी करतार सिंह ठाकुर की पत्नी है तथा अजय ठाकुर करतार सिंह ठाकुर का बेटा है। कांता ठाकुर प्रीतम सिंह ठाकुर की पत्नी हैं। प्रीतम सिंह ठाकुर के बेटे सुमित ठाकुर का कहना है कि उनका परिवार सुबह सात बजे गेहूं काटने के लिए गए थे तथा करीब एक घंटे के बाद मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। शोर मचाया तो लोग भी मौके पर पहुंच गए और मधुमक्खियों को भगाने के लिए धुआं आदि डाला और निजी वाहनों में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुठेड़ा ले गए। बताया जा रहा है कि अब स्थिति में सुधार है। एमओ डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि सुबह एक परिवार के छह सदस्यों को मधुमक्खियों ने काट लिया था। उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। अब स्थिति नियंत्रण में है।