40 घंटे से धधक रहे कसौली के जंगल, हेलीकॉप्टर से लगातार हो रही पानी की बारिश
सोलन: हिमाचल प्रदेश के कसौली क्षेत्र में लगी भीषण जंगल की आग पर 40 घंटे बाद भी पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। आग लगातार पहाड़ी क्षेत्रों में फैल रही है, जिसके चलते सेना और वायुसेना का संयुक्त ऑपरेशन लगातार जारी है। हालात की गंभीरता को देखते हुए एयरफोर्स का हेलीकॉप्टर सुखना लेक, चंडीगढ़ से पानी भरकर आग बुझाने में जुटा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, आग ने जंगल के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया है। तेज गर्मी और हवाओं के कारण आग तेजी से फैल रही है, जिससे वन संपदा को भारी नुकसान पहुंच रहा है। आग को नियंत्रित करने के लिए सेना, वायुसेना, वन विभाग, दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीमें लगातार मोर्चे पर डटी हुई हैं।
वायुसेना का हेलीकॉप्टर अब तक करीब 50 राउंड लगा चुका है। हेलीकॉप्टर सुखना लेक से पानी भरकर प्रभावित जंगलों में डाल रहा है, ताकि आग को आबादी और संवेदनशील क्षेत्रों तक पहुंचने से रोका जा सके। बताया जा रहा है कि कई कठिन पहाड़ी इलाकों में जमीनी टीमें भी लगातार फायर लाइन बनाने और आग रोकने में जुटी हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जंगलों के आसपास अनावश्यक आवाजाही न करें और किसी भी प्रकार की आग लगाने से बचें। वहीं अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।






