ऊना: शादी से 2 महीने पहले लापता युवती का जंगल में मिला शव, घटनास्थल ने खड़े किए कई सवाल
जिला ऊना के उपमंडल गगरेट से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अम्बोआ गांव से 19 जुलाई को रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई 26 वर्षीय वैशाली का शव घर के नजदीक जंगलनुमा क्षेत्र से बरामद हुआ है। वैशाली की दो महीने बाद शादी होने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही उसकी संदिग्ध मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
शव मिलने से इलाके में फैली सनसनी
जानकारी के अनुसार, लापता होने के बाद परिजन लगातार वैशाली की तलाश कर रहे थे। इसी बीच घर के समीप जंगल क्षेत्र में उसका शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मौत की परिस्थितियों पर उठ रहे कई सवाल
घटनास्थल से मिले साक्ष्यों ने मामले को और उलझा दिया है। शव के पास एक पेड़ की टहनी से चुन्नी बंधी हुई मिली है, जिससे प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, घटनास्थल की स्थिति कई सवाल भी खड़े कर रही है।
बताया जा रहा है कि जिस टहनी से चुन्नी बंधी मिली, उसकी ऊंचाई काफी कम थी। इसके अलावा शव काफी फूला हुआ अवस्था में मिला। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
फोरेंसिक जांच से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अब वैज्ञानिक व फोरेंसिक जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। जांच एजेंसियां घटनास्थल से जुड़े हर पहलू और उपलब्ध साक्ष्यों की बारीकी से पड़ताल कर रही हैं।
फिलहाल, वैशाली की मौत को लेकर कई सवाल अनसुलझे हैं और परिवार सहित पूरे गांव की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हुई हैं।






