ऊना में स्कूटी और कार की टक्कर में दो युवकों की मौत
हिमाचल प्रदेश के पुलिस थाना अंब के तहत पक्का परोह में ट्रक को ओवरटेक करते समय उनकी स्कूटी सामने के आई एक्सयूवी कार से जा टकराई। भीषण सड़क हादसे में हमीरपुर के दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान राजेश कुमार (32) पुत्र जागीर सिंह निवासी कैहरवीं और अक्षय कुमार पुत्र अशोक कुमार (22) निवासी घराहण, डाकघर बाड़ी जिला हमीरपुर के तौर पर हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। हादसा उस समय हुआ, जब स्कूटी सवार दोनों युवक अंब की तरफ से ऊना की ओर जा रहे थे। लोगों ने एंबुलेंस के लिए अंब अस्पताल संपर्क किया। करीब आधे घंटे बाद एंबुलेंस पहुंची और युवकों को अंब अस्पताल पहुंचाया गया। जहां दोनों की गंभीर हालत देखते हुए ऊना अस्पताल भेजा गया। लेकिन घायल राजेश कुमार ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। कुछ ही देर बाद अक्षय कुमार की उपचार के दौरान मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्कूटी को अक्षय कुमार चला रहा और राजेश उसके पीछे बैठा था। पक्का परोह में उनके आगे एक ट्रक था तो अक्षय ने ट्रक को ओवरटेक करने के लिए जैसे ही स्कूटी को घुमाया तो उनकी सामने से आई एक्सयूवी कार से टक्कर हो गई। कार का चालक की दिशा वाला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि कार चालक इस हादसे में सुरक्षित बच गया। हादसे के बाद करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि प्राथमिक जांच में हादसे का कारण ओवरस्पीड और जल्दबाजी को माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जिला प्रशासन की पहल का नहीं दिखा असर
जिला प्रशासन ने सड़क हादसों में घायलों की मदद करने वालों को 25000 रुपये का नकद पुरस्कार देने की पहल की है। बीते दिनों इसकी घोषणा की गई। पक्का परोह हादसे के दौरान इस पहल का असर देखने को नहीं मिला। हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन किसी ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के जहमत नहीं उठाई। कई लोग और वाहन चालक घायलों को देखते रहे, कई वीडियो बनाने में व्यस्त रहे। किसी भी व्यक्ति ने घायलों की जान बचाने के लिए हाथ नहीं बढ़ाए। मौके पर मौजूद सभी लोग एंबुलेंस का इंतजार करते रहे।












