लोकतंत्र के पर्व में भागीदारी निभाने बिलासपुर आएंगे JP नड्डा, 30 मई को विजयपुर में परिवार संग करेंगे मतदान
अनंत ज्ञान। बिलासपुर
पंचायत चुनावों के बीच भाजपा के लिए राजनीतिक रूप से अहम माने जा रहे बिलासपुर दौरे पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे J. P. Nadda 29 मई को अपने गृह जिला बिलासपुर पहुंचेंगे। उनके एक दिवसीय प्रवास को लेकर भाजपा संगठन में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश सह मीडिया प्रभारी स्वदेश ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि जेपी नड्डा हर बार की तरह इस बार भी लोकतंत्र के पर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अपने गृह क्षेत्र विजयपुर पहुंच रहे हैं। पंचायत चुनावों के दौरान हो रहा उनका यह दौरा कार्यकर्ताओं के लिए भी ऊर्जा और उत्साह बढ़ाने वाला माना जा रहा है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार, जेपी नड्डा 29 मई को दिल्ली से हवाई मार्ग के जरिए चंडीगढ़ पहुंचेंगे। इसके बाद वह सड़क मार्ग से अपने गृह क्षेत्र विजयपुर के लिए रवाना होंगे और शाम करीब 6 बजे अपने निवास पहुंचेंगे।
30 मई की सुबह वह राजकीय प्राथमिक पाठशाला विजयपुर में बनाए गए मतदान केंद्र पर परिवार सहित अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। भाजपा संगठन इसे लोकतांत्रिक मूल्यों और मतदान प्रक्रिया के प्रति पार्टी नेतृत्व की प्रतिबद्धता के रूप में देख रहा है।
सूत्रों के अनुसार, मतदान के बाद नड्डा दिनभर विजयपुर में ही रुकेंगे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और स्थानीय नेताओं के साथ उनकी मुलाकात का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। पंचायत चुनावों के बीच उनका यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि बिलासपुर लंबे समय से भाजपा की राजनीति का मजबूत केंद्र रहा है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नड्डा का गृह जिला होने के चलते उनका यह दौरा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने के साथ-साथ चुनावी माहौल में संगठन को मजबूती देने का काम करेगा।
शाम करीब 6 बजे वह चंडीगढ़ के लिए रवाना होंगे, जहां से हवाई मार्ग के जरिए दिल्ली लौटेंगे।






