सिरमौर के कोलर जंगल में मिली अधजली लाश का खुलासा: अंबाला में हत्या के बाद शव हिमाचल लाकर जलाया, आरोपी गिरफ्तार
नाहन/पांवटा साहिब: जिला सिरमौर के धौलाकुआं क्षेत्र की कोलर पंचायत के जंगल में युवती का अधजला शव मिलने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि युवती की हत्या हरियाणा के अंबाला में की गई थी, जिसके बाद शव को बैग में भरकर हिमाचल लाया गया और पहचान मिटाने के इरादे से जंगल में आग के हवाले कर दिया गया। मामले में हरियाणा के अंबाला जिले के बराडा निवासी नवीन को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले धौलाकुआं क्षेत्र में नेशनल हाईवे से करीब 100 मीटर दूर जंगल में एक युवती का बुरी तरह जला हुआ शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। शव करीब पूरी तरह जला हुआ था, जिसके चलते मृतका की पहचान करना भी मुश्किल हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए हिमाचल पुलिस ने हरियाणा पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त जांच शुरू की।
जांच के दौरान बराडा पुलिस और माजरा पुलिस ने अहम सुराग जुटाए। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी नवीन और उसका एक साथी रेहड़ी पर बैग ले जाते हुए दिखाई दिए, जिसके बाद पुलिस का शक गहराया। तकनीकी जांच और लगातार छानबीन के बाद पुलिस ने आरोपी नवीन को बातापुल के समीप से गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने युवती की हत्या अंबाला स्थित अपने घर में की थी। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने और पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसे बैग में डालकर हिमाचल प्रदेश लाया गया। इसके बाद कोलर पंचायत के जंगल में शव को जलाने की कोशिश की गई।
युवती का जलता हुआ शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में भारी दहशत फैल गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी और पूरे इलाके को सील कर फॉरेंसिक जांच शुरू की गई थी। अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस इस पूरे मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।






