टैक्सी चलाकर परिवार पालने वाले कल्याण चंद बने करोड़पति, पंजाब में जीती 3 करोड़ की लॉटरी
कांगड़ा/फतेहपुर: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले की फतेहपुर तहसील के रहने वाले टैक्सी चालक कल्याण चंद की किस्मत रातों-रात बदल गई। करीब 20 वर्षों से ड्राइविंग कर परिवार का पालन-पोषण कर रहे कल्याण चंद ने पंजाब स्टेट समर स्पेशल लॉटरी में 3 करोड़ रुपये का पहला इनाम जीत लिया है।
जानकारी के अनुसार, कल्याण चंद बठिंडा में सवारी छोड़ने गए थे, जहां उन्होंने 500-500 रुपये की दो लॉटरी टिकटें खरीदी थीं। 13 जून को जब उन्होंने यूट्यूब पर लाइव लॉटरी रिजल्ट देखा, तो अपना नंबर मिलते ही उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने सबसे पहले यह खुशखबरी अपनी पत्नी को दी।
कल्याण चंद ने बताया कि वह वर्तमान में महीने के 15 से 16 हजार रुपये ही कमा पाते हैं और कई बार अतिरिक्त मजदूरी भी करनी पड़ती थी। अब वह इस राशि से अपने परिवार के सपने पूरे करेंगे और अपने पिता की इच्छा के अनुसार जर्जर हो चुकी सराय भवन की जगह नई इमारत का निर्माण करवाएंगे।
शुक्रवार को जब वह अपनी लॉटरी क्लेम करने बठिंडा पहुंचे तो लॉटरी विक्रेता ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। लॉटरी स्टॉल संचालक उमेश कुमार ने बताया कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जल्द ही इनामी राशि कल्याण चंद के खाते में भेज दी जाएगी।






