पीएम मोदी ने वैश्विक मंच पर दिलाई पहचान: रणधीर
प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी एक सशक्त पहचान बनाई है। उन्होंने बिलासपुर में पत्रकार वार्ता में कहा कि मोदी सरकार के 11 वर्षों के कार्यकाल ने भारत को न केवल आर्थिक दृष्टि से मजबूत बनाया है, बल्कि आतंकवाद के विरुद्ध निर्णायक और सख्त नीति अपनाकर देश को एक सुरक्षित राष्ट्र के रूप में भी स्थापित किया है। रणधीर ने कहा कि वर्ष 2014 देश के लिए एक ऐतिहासिक टर्निंग प्वाइंट रहा। इससे पहले यूपीए सरकार के 10 वर्षों में देश में भ्रष्टाचार चरम पर था। घोटालों की बाढ़ ने देश की साख को कमजोर कर दिया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को वैश्विक मंच पर मजबूती से खड़ा कर दिया।
मोदी सरकार की आतंकवाद के खिलाफ कड़ी नीति
रणधीर शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार का सबसे बड़ा बदलाव आतंकवाद के खिलाफ उसकी कड़ी नीति रही है। अब आतंकी हमलों के बाद केवल शोक संदेश नहीं दिए जाते, बल्कि आतंकियों को उसी भाषा में जवाब दिया जाता है। एयर स्ट्राइक और हाल ही में पहलगाम हमले के बाद किया गया 'ऑपरेशन सिंदूर' इसका उदाहरण है। मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था ने भी लंबी छलांग लगाई है। देश की अर्थव्यवस्था 11वें स्थान से चौथे स्थान पर पहुंच गई है। सड़कों, नेशनल हाईवे, फोरलेन परियोजनाओं और हवाई अड्डों के निर्माण में ऐतिहासिक विकास हुआ है। ग्रामीण भारत को भी विकास की मुख्य धारा में लाने के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं से हिमाचल प्रदेश को भी विशेष लाभ मिला है। अब कोई भी भारत की ओर आंख उठाकर देखेगा, तो उसे करारा जवाब मिलेगा। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्ण चंदेल, भाजपा नेता सोनल शर्मा, स्वदेश ठाकुर समेत कई अन्य भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।












