प्राथमिक स्कूल में चोरी: मिड-डे मील के 78 किलो चावल, दो सिलिंडर और चूल्हा ले उड़े चोर
रायपुर सहोड़ा के सरकारी प्राथमिक स्कूल में चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। छुट्टियों के बाद मंगलवार को जब स्कूल खुला तो स्टाफ सदस्यों को रसोई का ताला गायब मिला। रसोई के अंदर जाकर देखा तो मिड-डे मील के 78 किलोग्राम चावल, दो भरे हुए गैस सिलिंडर और इंडक्शन चूल्हा गायब था। स्कूल स्टाफ ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पंचायत और पुलिस थाना मैहतपुर को दी। पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया और स्कूल स्टाफ की शिकायत पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी। मुख्य शिक्षक निरंजन कुमार ने बताया कि स्कूल के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र भी है। उनके स्टाफ के मुताबिक सोमवार दोपहर तक सब कुछ ठीक था। रसोई का ताला लगा हुआ था। सोमवार रात को शायद चोरी की घटना को अंजाम दिया गया हो। मुख्य शिक्षक के अनुसार स्कूल में छुट्टियां होने से पूर्व ही मिड-डे मील के बचे हुए चावलों को तोलकर रख दिया था, ताकि स्कूल खुलने पर उनका इस्तेमाल किया जा सके। घरेलू गैस के दो सिलिंडर भी भरकर रखे हुए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऊना सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि चोरी की वारदात की जांच जारी है। जल्द चोर गिरफ्त में होंगे।












