चंबा के घघरोता में गोहत्या मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार, 46 सदस्यीय टीम ने चलाया था सर्च ऑपरेशन
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले की घघरोता पंचायत में गोहत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। थाना सदर चंबा पुलिस ने मामले की जांच के बाद चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी निरीक्षक रमन चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम इस मामले की जांच में जुटी थी। गोवंश के अवशेष मिलने के बाद पुलिस ने जलेदा जंगल से उडाण धार तक व्यापक तलाशी अभियान चलाया था। इस दौरान 46 सदस्यीय पुलिस टीम ने जंगल और धार में बने कोठों की तलाशी ली, जबकि पूछताछ के लिए 20 लोगों को थाने बुलाया गया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंबा दिनेश शर्मा ने चार गिरफ्तारियों की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार, मामले में साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।






