कांगड़ा: परौर सत्संग समागम के लिए पहुंचने लगी संगत, 1-2 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना; सुरक्षा-यातायात से लेकर लंगर तक पुख्ता इंतजाम
कांगड़ा: परौर में राधा स्वामी सत्संग ब्यास के सत्संग समागम को लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों से संगत का पहुंचना शुरू हो गया है। बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों के दर्शन के लिए श्रद्धालु परौर पहुंच रहे हैं। वीरवार सुबह से ही सत्संग घर के मुख्य प्रवेश द्वार और पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग-154 पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई।
समागम को देखते हुए करीब 800 कनाल में फैले सत्संग परिसर में व्यापक तैयारियां की गई हैं। मुख्य पंडाल और शेड श्रद्धालुओं से भरने लगे हैं। परिसर में करीब दो लाख लोगों के बैठने की क्षमता बताई गई है। शनिवार देर रात तक एक से दो लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
लंगर में बड़े स्तर पर व्यवस्था
श्रद्धालुओं के लिए लंगर की भी व्यापक व्यवस्था की गई है। लंगर भवन में एक साथ करीब 50 हजार लोगों के भोजन की व्यवस्था है। सेवादार बड़े स्तर पर भोजन तैयार कर रहे हैं। यहां 10 बड़े कड़ाहों में करीब सात क्विंटल दाल और 30 तवों पर एक साथ करीब 3 हजार रोटियां तैयार करने की व्यवस्था की गई है।
हाईवे पर यातायात के लिए अस्थायी पार्किंग
भारी भीड़ को देखते हुए पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए कई स्थानों पर अस्थायी पार्किंग बनाई गई हैं। परौर मेला ग्राउंड, टीका बल्ला पॉलिटेक्निक ग्राउंड, दरंग और धरोट के पास वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है, ताकि मुख्य हाईवे पर वाहनों का दबाव कम किया जा सके।
रविवार को होगा मुख्य सत्संग
कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार सुबह 10 बजे से नामदान पंजीकरण की प्रक्रिया होगी। शनिवार सुबह 10 बजे पाठी की ओर से करीब 30 मिनट का सत्संग और बच्चों के साथ प्रश्नोत्तरी सत्र होगा। इसके बाद खुली कार में बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों के दर्शन और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम रहेगा। रविवार सुबह 10 बजे बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों का मुख्य सत्संग होगा।
120 पुलिस जवान संभालेंगे यातायात
भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के इंतजाम किए हैं। कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा के अनुसार करीब 120 पुलिस जवान यातायात व्यवस्था संभालेंगे। डीएसपी पालमपुर को आयोजन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष बसों की तैयारी
एचआरटीसी ने भी संभावित भीड़ को देखते हुए विशेष परिवहन योजना तैयार की है। जरूरत पड़ने पर विभिन्न डिपो से अतिरिक्त बसें चलाने की तैयारी है। परौर में कंट्रोल रूम के साथ जोगिंद्रनगर, बैजनाथ, पालमपुर, नगरोटा बगवां, धर्मशाला, पठानकोट, चंबा, कांगड़ा और जसूर में भी कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए परौर में पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाया जाएगा, जिसके माध्यम से बसों, पार्किंग और अन्य जरूरी सूचनाएं दी जाएंगी। वहीं धर्मशाला, पालमपुर और नगरोटा बगवां डिपो से अतिरिक्त बुकिंग क्लर्क भी तैनात किए जाएंगे।
इस तरह परौर में संभावित भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन, पुलिस, एचआरटीसी और सत्संग संगठन की ओर से सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, भोजन, ठहरने और परिवहन की व्यापक व्यवस्था की गई है।






