बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' अभियान के तहत धर्मपुर में किशोरियों का एक्सपोज़र विजिट आयोजित
महिला एवं बाल विकास निदेशालय, हिमाचल प्रदेश के अंतर्गत संचालित 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' अभियान के तहत बाल विकास परियोजना धर्मपुर द्वारा शनिवार को किशोरियों के लिए एक्सपोज़र विजिट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महिला सुरक्षा, वित्तीय साक्षरता, लैंगिक समानता और बालिका सशक्तिकरण के प्रति जागरूक बनाना था। इस कार्यक्रम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, धर्मपुर की 54 छात्राओं ने भाग लिया। छात्राओं को पुलिस चौकी धर्मपुर और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की धर्मपुर शाखा का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। पुलिस चौकी में थाना प्रभारी विनोद कुमार ने महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, कानूनी अधिकार, आत्मरक्षा तथा पुलिस सहायता सेवाओं की जानकारी देते हुए छात्राओं से किसी भी आपात स्थिति में निडर होकर पुलिस से संपर्क करने का आग्रह किया। एसबीआई धर्मपुर शाखा में वरिष्ठ सहयोगी रोशनल लाल चंदेल ने बैंकिंग सेवाओं, बचत की आदत, डिजिटल बैंकिंग, साइबर धोखाधड़ी से बचाव तथा वित्तीय साक्षरता के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। बाल विकास परियोजना धर्मपुर के पर्यवेक्षक विनोद कुमार ने 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' अभियान के उद्देश्यों, बालिका शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए छात्राओं को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, विद्यालय प्रशासन, शिक्षकों एवं प्रतिभागी छात्राओं का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।






