चंबा में रेलिंग तोड़ NH पर गिरा सीमेंट से भरा ट्रक, दो हिस्सों में बंटा; चालक और 12 वर्षीय बेटा गंभीर घायल
चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा पेश आया। डलहौजी उपमंडल के प्रवेशद्वार तुनुहट्टी के समीप सीमेंट से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे राष्ट्रीय राजमार्ग-154ए पर जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक नीचे गिरते ही दो हिस्सों में बंट गया। दुर्घटना में चालक और उसका 12 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार ट्रक (HP-24D-7230) नालागढ़ से चंबा की ओर सीमेंट लेकर जा रहा था। बुधवार सुबह करीब नौ बजे जब वाहन तुनुहट्टी के पास एक तीखे मोड़ पर पहुंचा तो चालक नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते ट्रक सड़क से बाहर निकल गया और रेलिंग को तोड़ते हुए कई फीट नीचे राष्ट्रीय राजमार्ग पर जा गिरा।
हादसे में ट्रक चालक 38 वर्षीय जसवीर सिंह और उसका 12 वर्षीय बेटा वंश, दोनों निवासी नालागढ़, गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक के गिरने पर जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद ट्रक में फंसे पिता-पुत्र को बाहर निकाला और उपचार के लिए हरिगिरी अस्पताल ककीरा पहुंचाया। दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सिविल अस्पताल चुवाड़ी रेफर कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटाकर यातायात बहाल करवाया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तुनुहट्टी का यह मोड़ पहले भी कई सड़क दुर्घटनाओं का गवाह बन चुका है। बावजूद इसके यहां सुरक्षा इंतजामों को पर्याप्त रूप से मजबूत नहीं किया गया। बुधवार का हादसा एक बार फिर इस संवेदनशील मोड़ पर सुरक्षा उपायों की जरूरत को उजागर करता है।
चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाकर उपचार उपलब्ध कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा लोगों से पहाड़ी क्षेत्रों में सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की गई है।






