स्कूल जाते वक्त मां-बेटे और बेटी पर रंगड़ों ने बोला हमला, तीनों अस्पताल में भर्ती
मंडी जिले के जोगिंद्रनगर उपमंडल की द्राहल पंचायत के मतकेहड़ गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां स्कूल जा रहे दो बच्चों और उनकी मां पर अचानक रंगड़ों (जंगली ततैया/भंवरे) के झुंड ने हमला कर दिया। इस हमले में मां सहित दोनों बच्चे घायल हो गए। तीनों का उपचार स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार मतकेहड़ निवासी संगीता (28) सुबह अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने द्राहल स्कूल गई थीं। उनके साथ बेटा साहिल और बेटी मुस्कान भी थी। मुस्कान पांचवीं कक्षा जबकि साहिल सातवीं कक्षा का छात्र है। बताया जा रहा है कि स्कूल के समीप ही रंगड़ों का छत्ता था। जैसे ही वे वहां से गुजरे, अचानक रंगड़ों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया।
हमले में संगीता के शरीर के कई हिस्सों पर रंगड़ों ने डंक मार दिए। मां को बचाने के दौरान दोनों बच्चे भी रंगड़ों की चपेट में आ गए। आठ वर्षीय साहिल और 13 वर्षीय मुस्कान को भी गंभीर रूप से डंक लगे हैं। घटना के बाद आसपास के लोगों ने किसी तरह तीनों को बचाया और तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों के अनुसार संगीता की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि दोनों बच्चों का भी उपचार जारी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्कूलों और रिहायशी इलाकों के आसपास बने रंगड़ों के छत्तों को जल्द हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।






