कुल्लू जिला में आज व कल ऑरेंज अलर्ट, नदी-नालों से दूर रहें पर्यटक, तोरुल एस रवीश ने कहा - बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत व बचाव कार्य जारी
उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस रवीश ने कहा है कि जिला कुल्लू में विभिन्न स्थानों पर बीते दिन बादल फटने और अचानक आई बाढ़ (फ्लैश फ्लड) की घटनाएं हुई हैं। उन्होंने बताया कि जिन स्थानों पर बादल फटने की पुष्टि हुई है, जिनमें जीवा नाला (सैंज), शिलागढ़ (गढ़सा) घाटी, स्नो गैलरी (मनाली) और होरनगढ़ (बंजार) क्षेत्र शामिल हैं। सैंज घाटी में मझान नाला, जो जीवा ट्रेंच वीयर से लगभग एक किलोमीटर नीचे बादल फटने की घटना हुई। उन्होंने कहा बाढ़ के कारण जिला में 40 से 50 सड़कें यातायात के लिए अवरुद्ध हो गई थी जिनमें से अधिकतर को बहाल कर दिया गया है। बाहंग में एक छोटी लकड़ी की पुलिया भी बह गई है तथा इस सड़क में स्नो गैलरी को भी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि सबसे अधिक क्षति सैंज क्षेत्र में हुई है जिसमें दुखद घटना में तीन लोग लापता हो गए हैं। पानी का स्तर घटने पर एनडीआरएफ की टीम खोज, राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई है। पेयजल की कई स्कीम में भी क्षतिग्रस्त हुई हैं तथा सियूंड में एक पुलिस पोस्ट भी क्षतिग्रस्त हो गई है। इसमें एक छोटा पुल दो गाडिय़ां तथा एक घराट बह गए हैं। अभी तक करीब 50 लाख का नुकसान बाढ़ के कारण हो चुका है जबकि कुछ विभागों से अभी नुकसान के आंकलन की रिपोर्ट आना बाकी है। शुक्रवार और शनिवार को जिला में ऑरेंज अलर्ट है ऐसे में उन्होंने लोगों और खासकर पर्यटकों सेएहतियात बरतने और नदी नालों से दूर रहने की अपील की है।
11 गउएं व 18 भेड़ें भी बाढ़ की भेंट चढ़ीं
उपायुक्त ने कहा कि इस घटना में 11 गउएं तथा 18 भेड़ें भी बाढ़ की भेंट चढ़ गई है। सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की बहाली का कार्य आरंभ कर दिया गया है। लारजी में भी एक पेयजल स्कीम को क्षति पहुंची है। किसी भी पर्यटक के जिले में कहीं फंसने की कोई सूचना नहीं है। जिला प्रशासन आपदा के मद्देनजर सतर्क है।
जला प्रशासन की टीमें मुस्तैदी से क्रियाशील
राहत और बचाव कार्यों के लिए जिला प्रशासन की टीमें मुस्तैदी से क्रियाशील हैं। आवश्यकता अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में सर्च और रेस्क्यू टीमें तुरंत भेजी गई हैं। जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार निगरानी रखे हुए है और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रभावित परिवारों क फौरी राहत प्रदान की गई हैं।
होरनगाड़ क्षेत्र में बंजार बठाहर सड़क बहाल
बंजार उपमंडल के होरनगाड़ क्षेत्र में फ्लैश फ्लड के कारण बंजार-बठाहर सड़क को बहाल कर दिया गया है। आगामी दो दिनों के लिए मौसम विभाग द्वारा ऑरेंज अलर्ट बताए जाने के मध्य नजर नदी नालों के नजदीक न जाने के लिए अपील की है। सभी पर्यटकों से भी अगले दो दिनों इतिहास बताने तथा सुरक्षित स्थान से में रहने की अपील की है।
उपायुक्त ने किया बाढ़ प्रभावित सैंज क्षेत्र का दौरा
उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस. राविश ने गुरुवार को सैंज क्षेत्र के जीवा नाला में आई अचानक बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से भेंट की और इस प्राकृतिक आपदा में लापता 3 लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उपायुक्त ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार एवं जिला प्रशासन प्रभावित लोगों के साथ खड़ा है और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।












