हिमाचल में मंत्रिमंडल विस्तार के संकेत! CM सुक्खू बोले- 'सुंदर सिंह ठाकुर जल्द बनेंगे मंत्री'
हिमाचल प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बड़ा राजनीतिक संकेत दिया है। गुरुवार को मशोबरा में बीडीओ कार्यालय के उद्घाटन और करीब 48 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मंच से कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर की ओर इशारा करते हुए कहा, "ये हमारे जल्द ही मंत्री बनने वाले हैं।"
मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें फिर तेज हो गई हैं। हालांकि उन्होंने शपथ ग्रहण या विस्तार की तारीख का खुलासा नहीं किया, लेकिन सार्वजनिक मंच से दिया गया यह बयान बेहद अहम माना जा रहा है।
यह पहला मौका नहीं है जब मुख्यमंत्री ने सुंदर सिंह ठाकुर के मंत्री बनने का संकेत दिया हो। इससे पहले फरवरी 2026 में विधानसभा के दौरान भी उन्होंने कहा था कि सुंदर सिंह ठाकुर जल्द मंत्री बनेंगे। अब दोबारा सार्वजनिक मंच से यही बात दोहराए जाने के बाद माना जा रहा है कि उनके नाम पर लगभग सहमति बन चुकी है।
गौरतलब है कि हिमाचल मंत्रिमंडल में फिलहाल एक मंत्री पद खाली है। मुख्यमंत्री पहले भी कह चुके हैं कि इस पद को जल्द भरा जाएगा और अंतिम फैसला कांग्रेस हाईकमान की सहमति से होगा। ऐसे में उनके ताजा बयान को मंत्रिमंडल विस्तार की दिशा में बड़ा संकेत माना जा रहा है।






