पास्सू सब्जी मंडी के पास द.र्दनाक हादसा: स्कूटी सवार युवक की मौ.त, साथी गंभीर घा.यल
धर्मशाला। धर्मशाला के पास पास्सू स्थित सब्जी मंडी के समीप सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी पर सवार 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रामवीर (23) और निलेश कुमार (23) सोमवार देर रात स्कूटी पर शिल्ला से ढगवार की ओर जा रहे थे। दोनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के निवासी थे और वर्तमान में ढगवार स्थित मिल्क प्लांट के पास किराये के मकान में रह रहे थे।
बताया जा रहा है कि जब दोनों पास्सू सब्जी मंडी के समीप एक मोड़ पर पहुंचे, तो स्कूटी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर जा गिरी। हादसे में स्कूटी के पीछे बैठे रामवीर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चालक निलेश कुमार को भी गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और दोनों घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने रामवीर को मृत घोषित कर दिया, जबकि निलेश कुमार का उपचार अस्पताल में जारी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए टांडा अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। एएसपी बीर बहादुर सिंह ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसा तेज रफ्तार, सड़क की स्थिति या किसी अन्य कारण से हुआ।






