घरेलू विवाद के बाद मां ने बेटे संग उठाया खौफनाक कदम, महिला की मौत;10 वर्षीय मासूम जिंदगी से लड़ रहा जंग
ऊना: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। सदर थाना ऊना के तहत झलेड़ा क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद एक महिला ने अपने 10 वर्षीय बेटे के साथ कथित रूप से आत्मघाती कदम उठा लिया। इस घटना में महिला की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को महिला का परिवार में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद उसका पति घर से बाहर चला गया। इसके कुछ समय बाद महिला और उसके 10 वर्षीय बेटे की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जब स्थानीय लोगों और पड़ोसियों को इसकी जानकारी मिली तो दोनों को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि बच्चे की हालत नाजुक होने के चलते उसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों की टीम बच्चे को बचाने के प्रयास में जुटी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं घटना के बाद से महिला का पति घर पर नहीं मिला है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
एएसपी संजीव भाटिया ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो पाएगा।
इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। एक परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गई हैं और हर कोई यही दुआ कर रहा है कि मासूम बच्चा जल्द स्वस्थ होकर जिंदगी की इस जंग को जीत सके।






