सीएम कार्यालय को बम धमाके की धमकी, 15 अगस्त से पहले हिमाचल में हाई अलर्ट
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय को बम धमाके की धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद पूरे प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। ई-मेल में 15 अगस्त के आसपास हिमाचल के कुछ स्कूलों और सेना से जुड़े स्थानों को निशाना बनाकर बम धमाके करने की धमकी दी गई है।
धमकी भरे ई-मेल के बाद सबसे पहले नगर निगम सोलन कार्यालय को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस ने एहतियात के तौर पर नगर निगम भवन को खाली करवाया और पूरे परिसर की गहन तलाशी ली। हालांकि, तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
इसी दौरान कसौली एसडीएम कार्यालय और डगशाई पब्लिक स्कूल को भी इसी तरह के धमकी भरे ई-मेल मिलने की सूचना सामने आई। इसके बाद संबंधित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ई-मेल भेजने वाले की पहचान और स्रोत का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह ई-मेल 29 जुलाई को भेजा गया था।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए राजधानी शिमला सहित पूरे प्रदेश में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।






