मनाली-लेह मार्ग पर दर्दनाक हादसा: फिसलकर गहरे नाले में गिरा ट्रक, पिता-पुत्र की मौत
लाहौल-स्पीति: हिमाचल प्रदेश में बरसात के दिनों में सड़क हादसों का आंकड़ा बढ़ जाता है. ताजा मामला जिला लाहौल स्पीति का है, जहां मनाली-लेह मार्ग पर फिसलन होने के चलते दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. लाहौल स्पीति और लेह की सीमा के पास किलिंग सराय से भरतपुर की ओर जा रहा एक ट्रक अचानक सड़क पर अनियंत्रित होकर गहरे नाले में जा गिरा. इस सड़क दुर्घटना में ट्रक में सवार पिता और पुत्र की मौत हो गई.
मंडी जिले के रहने वाले थे पिता-पुत्र
वहीं, सड़क हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, सेना, सीमा सड़क संगठन (BRO), टीटीआर टीम, आईटीबीपी और स्थानीय ट्रक चालक मौके पर पहुंचे. संयुक्त बचाव अभियान चलाकर पिता और पुत्र को काफी मशक्कत के बाद नाले से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. जिला लाहौल स्पीति आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार ट्रक में सवार मृतकों की पहचान मंडी जिले के गांव ऊबा के निवासी लियाकत अली और उनके बेटे दुरशाद के रूप में हुई है. दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल केलांग भेज दिए गए हैं.
बारिश के कारण सड़कों पर हो रही फिसलन
एसपी केलांग शिवानी मेहला ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रक फिसलकर अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, जिसके बाद वह सीधे नाले में जा गिरा. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है. प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी सड़कों पर फिसलन और लैंडस्लाइड का खतरा बढ़ गया है. प्रशासन ने भी वाहन चालकों से खराब मौसम में अतिरिक्त सतर्कता बरतने और सावधानी से वाहन चलाने की अपील की है.






