शिमला में कार-टैंकर की जोरदार भिड़ंत, दो पुलिसकर्मियों की मौत; टोलैंड में हुआ दर्दनाक हादसा
शिमला। राजधानी शिमला के टोलैंड क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। सीपीडब्ल्यूडी कॉलोनी के पास कार और टैंकर के बीच हुई जोरदार टक्कर में दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हें उपचार के लिए आईजीएमसी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान प्रवीण निवासी ननखड़ी और हेमंत निवासी जुब्बल के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही छोटा शिमला थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
जानकारी के अनुसार, दोनों पुलिसकर्मी कार में सवार होकर टोलैंड से खलीनी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सीपीडब्ल्यूडी कॉलोनी के पास सामने से आ रहे टैंकर से उनकी कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और टक्कर की वजह क्या रही, पुलिस इसकी जांच कर रही है।






