कुल्लू में बड़ी कार्रवाई: पंजाब के कुख्यात गैंगस्टर समेत 8 गिरफ्तार, 2 महिलाएं भी शामिल
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में पंजाब पुलिस की क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (CIA) और कुल्लू पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए एक कुख्यात गैंगस्टर समेत 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 2 महिलाएं भी शामिल हैं, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, सभी आरोपी वीरवार को मणिकर्ण पहुंचे थे और एक निजी होटल में ठहरे हुए थे। उनकी संदिग्ध गतिविधियों पर पहले से नजर रखी जा रही थी। जैसे ही पंजाब पुलिस को इनके मूवमेंट की जानकारी मिली, टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लोकेशन ट्रैक की।
बताया जा रहा है कि जब पुलिस ने पीछा किया, तो आरोपी बरशैणी से मणिकर्ण की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान शिल्ला के पास पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को गिरफ्तार कर लिया। इस ऑपरेशन में कुल्लू पुलिस की अहम भूमिका रही।
पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी की पहचान हरप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब का कुख्यात गैंगस्टर है। उसके साथ राम सिंह, गुरप्रीत सिंह, सतनाम उर्फ सागर, सिकंदर, राजबिंद्र और दो महिला साथी कोमल व तलविंदर कौर को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हरप्रीत सिंह के खिलाफ पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में 20 अप्रैल को उसके खिलाफ BNS की धारा 109, 3(5) और शस्त्र अधिनियम की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया था। उस पर आरोप है कि उसने एक व्यक्ति के घर पर फायरिंग कर डर का माहौल बनाकर फिरौती मांगने की कोशिश की थी।
कुल्लू के एसपी मदन लाल कौशल ने बताया कि यह सफलता पंजाब और हिमाचल पुलिस के बेहतर समन्वय का परिणाम है। फिलहाल सभी आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है, ताकि उनके नेटवर्क और अन्य आपराधिक गतिविधियों का खुलासा किया जा सके।












