प्रदेश सरकार की हालत देख कांग्रेसी भी रोने को मजबूर : अनुराग ठाकुर
हिमाचल में कांग्रेस की सरकार की हालत पर तंज करते हुए सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा है कि अब तो कांग्रेसी भी रोने को मजबूर हो चुके हैं। उनके पास थोड़ी देर बैठो, सारी स्थिति बयां हो रही है। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश ऐसा नहीं था, जैसा इस कांग्रेस सरकार ने बना दिया है। यहां पुलिस सिस्टम अपनी हालत खुद बयां कर रहा है। यहां राज है या जंगल राज? हम बिहार राज्य में जंगल राज बारे सुना करते थे, कांग्रेस की वजह से हिमाचल में भी ऐसे हालात देखे जा सकते हैं। अनुराग ठाकुर रविवार को हमीरपुर जिले के दौरे पर थे।
मोदी सरकार की 11 साल की उपलब्धियां बताईं
अनुराग सिंह ठाकुर ने रविवार को ऊना भाजपा कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के समक्ष मोदी सरकार की 11 साल की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के साथ केंद्र की एनडीए सरकार ने भारत के आम जनमानस के हित व गरीब कल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत सर्वकल्याण से विकसित भारत के संकल्प सिद्धि की ओर बढ़ रहा है।












