अवैध खनन के खिलाफ सिरमौर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 48 घंटों में 53 वाहनों पर शिकंजा
नाहन। जिला सिरमौर में पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर 28 और 29 मार्च को अवैध खनन के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए जिले भर में सख्त निगरानी रखी।
अभियान के तहत कुल 53 वाहनों के चालान किए गए, जिनमें से 48 वाहन खनन अधिनियम के उल्लंघन में पाए गए, जबकि 5 वाहन मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई के दायरे में आए। ये सभी वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध खनन गतिविधियों में संलिप्त पाए गए थे।
पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में 21 चालानों का मौके पर निपटारा करते हुए कुल ₹99,500 का जुर्माना वसूला गया, जबकि 32 वाहनों को जब्त कर लिया गया है। शेष मामलों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित न्यायालय में भेज दिया गया है।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चिन्त सिंह नेगी ने पुष्टि करते हुए कहा कि अवैध खनन पर्यावरण सुरक्षा और भूमि कटाव के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। उन्होंने कहा कि पूर्व में देश में आई आपदाओं में इस तरह की गतिविधियों से भारी जनहानि हुई है, इसलिए सिरमौर पुलिस पर्यावरण संरक्षण और खनन नियमों के सख्त अनुपालन को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।












