पहले बीबीएमबी एरियर पर शपथपत्र दें फिर देंगे किशाऊ का पानी: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बंजार में कहा, 'मैं हिमाचल प्रदेश के लोगों की मांगों को लेकर दिल्ली गया था। हम दिल्ली व हरियाणा को पानी देंगे, लेकिन पहले वे 14 साल से लंबित बीबीएमबी का एरियर हिमाचल प्रदेश को दें। उन्होंने कहा कि मैंने यह साफ कह दिया है कि पहले पड़ोसी राज्य इस एरियर को देने का शपथपत्र सुप्रीम कोर्ट में दायर करें, फिर हम किशाऊ बांध पर आगे बढ़ेंगे। मैं प्रदेश को अपना परिवार मानता हूं इसलिए मैं हिमाचल प्रदेश के हितों के साथ समझौता नहीं करूंगा।' सीएम ने बंजार विकास खंड के देहूरी में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए सीबीएसई बोर्ड आधारित राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल और दस हजार लीटर क्षमता वाला मिल्क प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने की घोषणा भी की। लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार कर रही है और यह प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।
2238 महिलाओं को 1500-1500 रुपए की किस्त जारी
मुख्यमंत्री ने देहूरी में बंजार विकास खंड की 18 वर्ष से 59 वर्ष आयु वर्ग की 2238 पात्र महिलाओं को इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख स्मान निधि अप्रैल 2025 से जून 2025 तक (तीन महीने) 4500 रुपए प्रति लाभार्थी की दर से बचत खातों में 1 करोड़ 71 हजार की राशि हस्तांतरित की। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार पात्र महिलाओं को चरणबद्ध ढंग से 1500 रुपए प्रतिमाह प्रदान कर रहे है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार राज्य की संपदा के लाभों से वंचित सभी वर्गों को लाभ पहुंचाने के लिए कृतसंकल्प है।












