दिल्ली में सियासी मंथन! सुंदर ठाकुर की ताजपोशी तय, क्या हिमाचल कैबिनेट में होगा बड़ा फेरबदल?
हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार में कैबिनेट विस्तार और संभावित फेरबदल को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। कुल्लू से कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर का मंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू भी संकेत दे चुके हैं कि हाईकमान की मंजूरी मिलते ही ठाकुर को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है।
इसी बीच मुख्यमंत्री सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार के दिल्ली पहुंचने से राजनीतिक हलचल और बढ़ गई है। मुख्यमंत्री अपना हमीरपुर दौरा बीच में छोड़कर दिल्ली पहुंचे हैं। ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या सुंदर सिंह ठाकुर के साथ केवल कैबिनेट विस्तार होगा या सरकार में बड़ा फेरबदल भी देखने को मिलेगा?
क्या किसी मंत्री की होगी छुट्टी?
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि नए मंत्री को शामिल करने के साथ कुछ मौजूदा मंत्रियों के विभागों में बदलाव किया जा सकता है। कुछ मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा और संभावित बदलाव को लेकर भी अटकलें हैं। हालांकि किसी मंत्री को हटाने का अंतिम फैसला कांग्रेस हाईकमान की मंजूरी के बाद ही स्पष्ट होगा।
डिप्टी स्पीकर पद पर भी नजर
विधानसभा में डिप्टी स्पीकर का पद भी लंबे समय से खाली है। ऐसे में मानसून सत्र से पहले इस पद को भरने की संभावना को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। अब दिल्ली में होने वाली बैठकों के बाद ही तस्वीर साफ होगी कि कांग्रेस हाईकमान हिमाचल में कैबिनेट विस्तार, विभागों में फेरबदल और डिप्टी स्पीकर को लेकर क्या फैसला करता है।
फिलहाल दिल्ली दौरे ने हिमाचल की सियासत का तापमान बढ़ा दिया है और सबकी नजरें कांग्रेस हाईकमान के फैसले पर टिकी हैं।






