नगरोटा बगवां के पूर्व विधायक राम चंद भाटिया का निधन, 82 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस
कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले की नगरोटा बगवां विधानसभा सीट से तीन बार विधायक रहे चौधरी राम चंद भाटिया का निधन हो गया है। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे और उनका उपचार डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा में चल रहा था, जहां उन्होंने बुधवार को अंतिम सांस ली।
चौधरी राम चंद भाटिया पूर्व विधायक होने के साथ-साथ प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी के सदस्य भी रहे थे। उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
नगरोटा बगवां के पूर्व विधायक अरुण कुमार मेहरा (कूका) ने उनके निधन पर दुख जताते हुए कहा कि चौधरी राम चंद भाटिया ने लंबे समय तक क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया और अपने सार्वजनिक जीवन में जनसेवा, विकास कार्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण दिखाया। उन्होंने कहा कि उनका सरल स्वभाव और लोगों से जुड़ाव हमेशा याद किया जाएगा।
कूका ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
वहीं, पूर्व मंत्री सरवीण चौधरी ने भी कुछ दिन पहले टांडा अस्पताल पहुंचकर उनका हाल जाना था। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी राम चंद भाटिया के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनका निधन बेहद दुखद है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को धैर्य प्रदान करने की कामना की।






