सोलन नगर निगम को बम से उड़ाने की धमकी, खाली कराया गया पूरा कार्यालय; अलर्ट पर पुलिस
हिमाचल प्रदेश के सोलन नगर निगम को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शुक्रवार को नगर निगम कार्यालय में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पूरे कार्यालय परिसर को खाली करवा दिया और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. इसके बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचकर गहन जांच में जुट गया.
नगर निगम के डिप्टी मेयर गौरव राजपूत ने बताया कि ई-मेल के माध्यम से धमकी मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस को इसकी जानकारी दी गई. इसके बाद एसएचओ समेत पुलिस की टीम और बम निरोधक दस्ता तुरंत मौके पर पहुंच गया और पूरे परिसर की सघन तलाशी शुरू की गई.
उन्होंने बताया कि धमकी भरे ई-मेल से संबंधित जानकारी संबंधित एजेंसियों को उपलब्ध करा दी गई है. पुलिस ई-मेल भेजने वाले की पहचान और उसके स्रोत का पता लगाने का प्रयास कर रही है. इसके लिए साइबर विशेषज्ञों की भी मदद ली जा रही है.
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर
डिप्टी मेयर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस नजदीक होने के कारण सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही सतर्क हैं और इस तरह की हर सूचना को गंभीरता से लिया जा रहा है. पुलिस कार्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच कर रही है.
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और जांच पूरी होने तक प्रशासन का सहयोग करें. प्रशासन का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.






