खलैहल पंचायत पहुंचने पर जिला परिषद सदस्य रोशन लाल ठाकुर का भव्य स्वागत, धन्यवाद दौरे में जनता का जताया आभार, समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा
हाल ही में संपन्न पंचायत चुनाव में जिला परिषद सदस्य निर्वाचित होने के बाद पहली बार चौहार घाटी की ग्राम पंचायत खलैहल पहुंचे नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य रोशन लाल ठाकुर का स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। धन्यवाद यात्रा के दौरान उन्होंने पंचायत के विभिन्न गांवों का दौरा कर मतदाताओं का आभार व्यक्त किया तथा क्षेत्र के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का भरोसा दिलाया। खलैहल पंचायत के मियोट, खलैहल, छोटी झरवाड़ तथा झरवाड़ गांवों में ग्रामीणों ने फूल-मालाएं पहनाकर रोशन लाल ठाकुर का स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों द्वारा दिए गए भारी जनसमर्थन के लिए सभी का धन्यवाद किया और कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता रहेगी। दौरे के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की विभिन्न समस्याओं और विकास संबंधी मांगों को भी गंभीरता से सुना तथा आश्वासन दिया कि सभी जायज मांगों को सरकार और संबंधित विभागों के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाकर उनके समाधान का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर द्रंग ब्लॉक की चेयरमैन सुनीता देवी, खलैहल पंचायत के प्रधान सुभाष चंद ठाकुर, उपप्रधान भागमल, वार्ड सदस्य सीता देवी, नीतू देवी, सतपाल, उषा देवी, त्रिलोक चंद सहित पंचायत के अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।






