झंडूता में भाजपा का कार्यकर्ता संवाद अभियान, कांग्रेस छोड़ तीन नेताओं ने थामा कमल
झंडूता। भाजपा के कार्यकर्ता संवाद एवं समन्वय अभियान के तहत झंडूता विधायक जीतराम कटवाल ने मंगलवार को डाहड, नखलेहड़ा और दाड़ी-भाड़ी पंचायतों का दौरा कर कार्यकर्ताओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा।
डाहड पंचायत में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जयचंद, मेहर सिंह ढटवालिया, राजेंद्र और हंसराज शर्मा ने कांग्रेस की कथित वादाखिलाफी और जनविरोधी नीतियों से नाराज होकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। विधायक जीतराम कटवाल ने उन्हें भगवा पटका पहनाकर पार्टी में स्वागत किया।
कटवाल ने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का अभियान है, जिसकी सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनावी गारंटियां पूरी करने में पूरी तरह विफल रही है। महिलाओं को ₹1500, युवाओं को रोजगार, दूध और गोबर खरीद जैसे वादे अब तक पूरे नहीं हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने और प्रदेश सरकार की नाकामियों को जनता के सामने रखने का आह्वान किया। दौरे के दौरान विधायक ने लोगों की समस्याएं भी सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया।






