सुक्खू सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरे भाजपा विधायक, झूठे मुकदमों के विरोध में शिमला में निकाला मार्च
शिमला: हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा विधायक दल ने सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से काम करने, पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग करने तथा विपक्षी नेताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज करवाने का आरोप लगाते हुए राजधानी शिमला में विरोध मार्च निकाला।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के नेतृत्व में भाजपा विधायक, पूर्व विधायक और पार्टी पदाधिकारी सीटीओ चौक से सचिवालय की ओर मार्च करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी कर विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
भाजपा विधायक दल के सचिव रणधीर शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार सुनियोजित तरीके से भाजपा के विधायकों, पूर्व विधायकों, जिला परिषद सदस्यों, पंचायत प्रतिनिधियों और नगर निकायों के जनप्रतिनिधियों पर झूठे मुकदमे दर्ज करवा रही है। उनका आरोप है कि सरकार विपक्षी नेताओं को राजनीतिक रूप से परेशान करने के लिए पुलिस और प्रशासन का इस्तेमाल कर रही है।
भाजपा नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि सरकारी एजेंसियों का राजनीतिक उद्देश्यों के लिए दुरुपयोग किया जा रहा है। उनका कहना है कि भाजपा नेताओं की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, बैठकों की जानकारी जुटाई जा रही है और फोन टैपिंग जैसी गतिविधियों के जरिए विपक्ष को निशाना बनाया जा रहा है। पार्टी का दावा है कि यह लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा ने कांग्रेस सरकार से विपक्ष के खिलाफ दर्ज कथित झूठे मुकदमों को वापस लेने, प्रशासन और पुलिस के राजनीतिक इस्तेमाल पर रोक लगाने तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप निष्पक्ष शासन सुनिश्चित करने की मांग की। वहीं, सरकार की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।






