हिमाचल में एक हफ्ते तक भारी बारिश का अलर्ट, 112 सड़कें बंद; किन्नौर में NH-5 बाधित
हिमाचल प्रदेश में मानसून की सक्रियता से बारिश का दौर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने एक हफ्ते तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 6 और 9 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है, जबकि 7, 8, 10, 11 और 12 अगस्त को भी अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी।
लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं और लोगों को इनके आसपास नहीं जाने की सलाह दी गई है। गुरुवार सुबह शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहे, जबकि कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहा।
बारिश का असर जनजीवन पर भी दिखाई देने लगा है। प्रदेश में 112 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा 189 बिजली ट्रांसफार्मर और 61 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं, जिससे कई क्षेत्रों में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उधर, जनजातीय जिला किन्नौर में बीती रात से लगातार बारिश हो रही है। इसके चलते निगुलसारी और आसपास के क्षेत्र में चट्टानें गिरने से राष्ट्रीय राजमार्ग-5 अवरुद्ध हो गया। प्रशासन ने वाहनों की आवाजाही को छोटा-लंबा सोल्डिंग मार्ग से डायवर्ट किया है। मार्ग खोलने के लिए मशीनें लगाई गई हैं, लेकिन लगातार पत्थर गिरने से काम प्रभावित हो रहा है।
सिरमौर जिले के पांवटा साहिब उपमंडल में एहतियात के तौर पर शिक्षण संस्थान गुरुवार को भी बंद रखे गए हैं। जिला प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों, खड्डों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी सलाह का पालन करने की अपील की है।






