अब एक क्लिक पर नौकरी के अवसर, हिमाचल सरकार का 'तकनीकी रोजगार सेतु' लॉन्च
हिमाचल प्रदेश सरकार ने तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए 'तकनीकी रोजगार सेतु' पोर्टल लॉन्च किया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इसका शुभारंभ करते हुए कहा कि यह राज्य का पहला डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो छात्रों, तकनीकी शिक्षण संस्थानों और उद्योगों को एक ही मंच पर जोड़कर भर्ती प्रक्रिया को आसान, तेज और पारदर्शी बनाएगा।
इस पोर्टल के माध्यम से छात्र अपनी प्रोफाइल, शैक्षणिक योग्यता, कौशल और प्रमाणपत्र अपलोड कर सकेंगे, उपलब्ध नौकरियों की जानकारी देख सकेंगे और ऑनलाइन आवेदन भी कर पाएंगे। वहीं, नियोक्ता रिक्त पदों की जानकारी साझा कर पात्र उम्मीदवारों का चयन कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 164 तकनीकी शिक्षण संस्थान, 26,168 छात्र और 97 नियोक्ता इस प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण कर चुके हैं। इसके अलावा इलेक्ट्रीशियन, प्लंबर जैसे कुशल श्रमिक भी पोर्टल पर पंजीकरण कर अल्पकालिक और स्थायी रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकेंगे। सरकार का मानना है कि यह पोर्टल युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार दिलाने और उद्योगों की जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।






