सोलन जेल में कैदियों का हंगामा, वार्डर और हवलदार पर हमला
जिला सोलन के उप कारागार किशनपुरा नालागढ़ में पांच कैदियों द्वारा जेल वार्डर पर हमला करने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार 16 मई को ड्यूटी पर तैनात जेल वार्डर रोहित कुमार पर बंदी सूर्यातेज, दीपक, सुनील, गुरचरण और गगन ने अचानक हमला कर दिया, जिससे उन्हें सिर और पीठ पर चोटें आईं।
बताया जा रहा है कि बचाव के लिए पहुंचे हवलदार नंद लाल के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। घटना के बाद जेल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। शिकायत में बंदियों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।
पुलिस थाना मानपुरा में पांचों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।






