शिमला में रिटायर्ड पुलिस अधिकारी से 36.70 लाख लेने का आरोप, दवा कारोबार के विस्तार का दिया झांसा; 23.60 लाख बकाया
शिमला में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी से 36 लाख 70 हजार रुपये लेने और पूरी रकम वापस न करने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक नवंबर 2024 में एक परिचित के जरिए उसकी मुलाकात सुनील कुमार नाम के व्यक्ति से हुई थी, जिसने खुद को दवा कारोबारी बताते हुए कारोबार बढ़ाने के लिए आर्थिक मदद मांगी। आरोप है कि भरोसे में आकर रिटायर्ड अधिकारी ने अलग-अलग तारीखों में आठ चेक के जरिए कुल 36 लाख 70 हजार रुपये दे दिए। शिकायत के अनुसार आरोपी ने अब तक 13 लाख 10 हजार रुपये लौटाए हैं, जबकि 23 लाख 60 हजार रुपये बकाया हैं। शिकायतकर्ता ने कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है। छोटा शिमला पुलिस ने शिकायत के आधार पर BNS की धारा 318(4) और 351(3) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब लेन-देन और मामले से जुड़े अन्य आरोपों की पड़ताल कर रही है।






