फर्जीवाड़ा: हेल्थकेयर कंपनी की डीलरशिप दिलाने के नाम पर युवक से 10 लाख की ठगी
हरोली क्षेत्र के एक युवक ने शिमला निवासी व्यक्ति पर कंपनी की डीलरशिप दिलाने की एवज में 10 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है। बुधवार को मिली शिकायत के आधार पर हरोली पुलिस ने आरोपी रजत निवासी शिमला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस के प्राप्त जानकारी के अनुसार देवेंद्र कुमार कालिया निवासी गांव हरोली ने शिकायत में बताया कि बीती 21 अप्रैल 2025 को शिमला के फागू में उसकी मुलाकात आरोपी रजत से हुई। आरोपी ने उसे अपनी कंपनी मेसर्स अनसेफ हेल्थ केयर एंड हाइजीन इंडिया प्राइवेट की हिमाचल प्रदेश में मदर सुपर डीलरशिप दिलाने का लालच दिया। कंपनी का मुख्य कार्यालय चौरंगी रोड, ओम टॉवर सातवीं मंजिल पार्क स्ट्रीट कोलकाता बताया गया। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने कंपनी की ओर से कॉपी पर उसकी पत्नी के हस्ताक्षर करवाए। आरोपी व उसके सहयोगियों ने उपरोक्त डीलरशिप के लिए करीब 10 लाख रुपये की राशि ली लेकिन आरोपियों ने समझौते अनुसार कोई कार्य आगे नहीं बढ़ाया। फोन किए जाने पर पहले टालमटौल और बाद में फोन उठाना बंद कर दिया। कहा कि आरोपी रजत और साथियों ने मिलकर उसके साथ 10 लाख रुपये की ठगी की है। पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि हरोली पुलिस मामले की जांच कर रही है। कहा कि जल्द आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।












