हिमाचल के किसानों को बड़ी राहत, अब कंपनियों को सीधे बेच सकेंगे औषधीय जड़ी-बूटियां
हिमाचल प्रदेश में औषधीय जड़ी-बूटियों की खेती करने वाले किसानों के लिए राहत भरी खबर है। अब किसान अपनी जड़ी-बूटियां सीधे कंपनियों को बेच सकेंगे। इसके लिए आयुष विभाग ने किसानों और कंपनियों के बीच तीन पक्षीय समझौता किया है। आयुष विभाग के निदेशक रोहित जमवाल के मुताबिक, विभाग इस व्यवस्था में मध्यस्थ की भूमिका निभाएगा और किसानों तथा कंपनियों के बीच समन्वय स्थापित करेगा। इससे किसानों को खरीदार तलाशने और उत्पादों की बिक्री में होने वाली देरी से राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही, कंपनियों को भी औषधीय पौधों का कच्चा माल सीधे किसानों से मिल सकेगा। इस पहल से प्रदेश में औषधीय पौधों की खेती और किसानों की आय को बढ़ावा मिलने की संभावना है।






