शराब का ठेका खोलने पर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
घुमारवीं उपमंडल की ग्राम पंचायत कोठी के अंतर्गत आने वाले गांव सोई में खोले गए शराब के ठेके के विरोध में शुक्रवार को समस्त ग्रामवासी एकजुट होकर सड़कों पर उतर आए। गांव के युवक मंडल, महिला मंडल तथा अन्य सामाजिक संगठनों ने ठेके के बाहर धरना प्रदर्शन कर प्रशासन व ठेकेदार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि आगामी दो दिनों के भीतर यह ठेका बंद नहीं किया गया, तो वे अनशन पर बैठेंगे और यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक ठेका पूरी तरह से बंद नहीं किया जाता। गांव की महिला मंडल प्रधान शकुंतला देवी ने बताया कि बीते दो दिनों में उपमंडल अधिकारी घुमारवीं को लिखित ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके पश्चात ग्रामीणों ने तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्मानी से मुलाकात कर ठेके को बंद करवाने की मांग रखी। प्रधान के अनुसार, मंत्री ने मौके पर ही एसडीएम घुमारवीं को फोन कर निर्देश दिए कि यदि गांववासी विरोध कर रहे हैं तो ठेका तुरंत बंद करवाया जाए, अन्यथा मंत्री स्वयं धरने पर बैठेंगे और इसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। प्रदर्शन के दौरान गांव की महिलाओं ने भी जमकर विरोध दर्ज करवाया। महिलाओं ने आरोप लगाया कि गांववासियों ने उस मकान मालिक को भी चेताया, जिसने यह दुकान ठेके के लिए किराए पर दी है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि मकान मालिक ने दुकान खाली नहीं करवाई, तो गांव उसका पूर्ण रूप से सामाजिक बहिष्कार करेगा। वहीं एसडीएम घुमारवीं गौरव चौधरी ने बताया कि मामला ध्यान में आया है। एक्साइज विभाग के अधिकारियों से बात की गई है उन्हें बुलाया गया है। इस मामले में उनसे बातें की जाएगी। सोमवार तक मामला सुलझा लिया जाएगा।












