मनाली: राष्ट्रपति मुर्मू के दौरे को लेकर कड़ा सुरक्षा पहरा, 600 जवान तैनात; अटल टनल और हिडिंबा मंदिर के लिए ट्रैफिक प्लान जारी
मनाली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के मनाली दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। राष्ट्रपति बुधवार को अटल टनल रोहतांग का दौरा करेंगी और इसके बाद ढूंगरी स्थित प्रसिद्ध हिडिंबा मंदिर पहुंचकर माता हिडिंबा के दर्शन करेंगी। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए मनाली से अटल टनल और हिडिंबा मंदिर तक के मार्गों पर विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अटल टनल का दौरा करने वाली देश की दूसरी राष्ट्रपति होंगी। इससे पहले जून 2022 में तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अटल टनल रोहतांग और लाहौल पहुंचे थे।
600 जवान संभालेंगे सुरक्षा
राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए करीब 600 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। मनाली से रोहतांग तक के क्षेत्र को सुरक्षा की दृष्टि से सेक्टरों में बांटा गया है। प्रमुख स्थानों पर नाके लगाए जाएंगे और जरूरत के अनुसार वाहनों की जांच तथा यातायात को रोका या डायवर्ट किया जाएगा। राष्ट्रपति के मनाली प्रवास के दौरान ड्रोन और पैराग्लाइडिंग के संचालन पर भी प्रतिबंध रहेगा।
अटल टनल की ओर यातायात रहेगा प्रभावित
प्रशासन के ट्रैफिक प्लान के अनुसार 7 अक्तूबर को पलचान से अटल टनल रोहतांग तक सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इससे पहले 6 अक्तूबर रात 8 बजे से 7 अक्तूबर दोपहर 12 बजे तक अटल टनल की ओर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। आपातकालीन और सुरक्षा से जुड़े वाहनों को आवश्यक छूट दी गई है।
राष्ट्रपति के काफिले के गुजरने के दौरान रामबाग चौक, मनालसु, मिशन चौक, ओल्ड मनाली पुल, भूतनाथ चौक, वशिष्ठ चौक, नेहरूकुंड और पलचान सहित विभिन्न स्थानों पर यातायात को जरूरत के अनुसार नियंत्रित किया जाएगा। काफिले के गुजरने के बाद संबंधित मार्गों पर यातायात सामान्य किया जाएगा।
हिडिंबा मंदिर मार्ग पर भी रहेगी पाबंदी
अटल टनल से लौटने के बाद राष्ट्रपति हिडिंबा मंदिर जाएंगी। इस दौरान रामबाग, घटोत्कच चौक, मनालसु और लॉग हट्स चौक सहित प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा नाके लगाए जाएंगे। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से ट्रैफिक प्लान का पालन करने और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित अवधि में अटल टनल की ओर जाने का कार्यक्रम न बनाएं और यात्रा से पहले ट्रैफिक व्यवस्था को ध्यान में रखें। लाहौल की ओर जाने वाले यात्रियों को परिस्थितियों के अनुसार वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
राष्ट्रपति 8 अक्तूबर की सुबह हिमाचल से रवाना होंगी। उनके प्रस्थान के दौरान भी मनाली के विभिन्न हिस्सों में सुरक्षा नाके और यातायात नियंत्रण व्यवस्था लागू रहेगी।






