डाक विभाग की योजनाएं अब आम जन तक: ऊना में मनाया गया सेवा भाव सप्ताह
ऊना डाक मंडल में पहली जुलाई से पांच जुलाई तक डाक सेवा भाव सप्ताह के रूप में मनाया गया। इस दौरान डाक विभाग की योजनाओं को घरद्वार तक पहुंचाने का संकल्प लिया। अधीक्षक डाकघर ऊना भूपिंदर सिंह के नेतृत्व में ऊना मंडल में इस सप्ताह विभिन्न गतिविधियां संचालित हुई। डाकघरों में गठित छोटी-छोटी टीमों ने लोगों के पास पहुंचकर उन्हें न केवल डाक विभाग की योजनाओं की जानकारी दी बल्कि उन्हें इन योजनाओं से जोड़कर विभाग के राजस्व में भी इजाफा किया। इस सप्ताह के दौरान डाक बीमा योजना, ग्रामीण डाक बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से लेकर प्रधानमंत्री के डिजिटल इंडिया अभियान के तहत विभाग में डिजिटल ट्रांजेक्शन को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए समूचे ऊना डाक मंडल में फोकस रहा। लोग भी अब विभाग की इस योजना से जुड़कर योजनाओं का भरपूर लाभ उठाने लगे हैं। डाक अधीक्षक भूपिंदर सिंह ने कहा कि ऊना मंडल के समस्त डाक कर्मचारियों का भरपूर सहयोग मिला, जिसके चलते न केवल डिजिटल खातों की संख्या में वृद्धि हुई है बल्कि विभाग की अन्य लाभकारी योजनाओं से भी लोग जुड़ने में खासी रुचि ले रहे हैं। डाक विभाग के कर्मचारियों तथा अन्य लोगों को भी डाक विभाग की योजनाओं के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया। विभिन्न डाकघरों के कर्मचारियों को डाक सेवा जन सेवा की भावना से लोगों को सेवाएं प्रदान करने बारे प्रेरित भी किया गया । डाक मंडल प्रमुख भूपिंदर सिंह ने कहा कि विभाग वृद्ध अथवा शारीरिक रूप से अक्षम लोगों के आधार अपग्रेडेशन से लेकर अन्य सुविधाओं को उनके घरद्वार तक पहुंचा रहा है। डिजिटल क्रांति के चलते विभाग की कार्यशैली में भी अमूल चूल परिवर्तन देखने को मिल रहे हैं।












