जयराम ठाकुर का सुक्खू सरकार पर हमला, बोले- 'सरकार नहीं गुट चला रहे मुख्यमंत्री'
ऊना। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। ऊना भाजपा कार्यालय में आयोजित पार्टी के राज्यस्तरीय शिविर में भाग लेने पहुंचे जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से गुटबाजी और आंतरिक कलह की राजनीति से घिरी रही है और आज भी पार्टी में यही स्थिति बनी हुई है।
प्रेस वार्ता के दौरान जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस में इतने गुट बन चुके हैं कि उनकी गिनती करना भी मुश्किल है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू अक्सर भाजपा में कथित कलह को लेकर बयान देते थे, लेकिन भाजपा की ओर से उन्हें हमेशा अपने संगठन को संभालने की सलाह दी जाती थी। आज कांग्रेस की स्थिति देखकर यह बात पूरी तरह सच साबित हो रही है।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि जब सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष थे, तब भी वह पूरी पार्टी को साथ लेकर नहीं चल पाए और केवल एक गुट तक सीमित रहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद भी स्थिति नहीं बदली है। सुक्खू पूरी सरकार चलाने के बजाय एक गुट की राजनीति कर रहे हैं, जिसका असर सरकार और संगठन दोनों पर दिखाई दे रहा है।
जयराम ठाकुर ने दावा किया कि कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी वर्तमान नेतृत्व से नाराज हैं और पार्टी के भीतर असंतोष लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सब कुछ देख रही है और आने वाले समय में कांग्रेस को इसका जवाब मिलेगा।






