हमीरपुर में गरजे CM सुक्खू: भाजपा पांच गुटों में बंटी, चुनाव में 16 सीट भी नहीं आएंगी
हमीरपुर। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को हमीरपुर में नगर निगम की नई सुविधाओं का उद्घाटन और कार्यालय भवन का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने जहां सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, वहीं बिना नाम लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और भाजपा पर जमकर निशाना साधा।
मुख्यमंत्री ने रानी झांसी पार्क के पास नगर निगम की 13 दुकानों का उद्घाटन किया। इसके बाद टाउनहॉल परिसर में नगर निगम कार्यालय भवन का शिलान्यास किया और जनसभा को संबोधित किया। सीएम सुक्खू ने कहा कि हमीरपुर नगर निगम कार्यालय को शिमला नगर निगम की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शहर में 15 खोखाधारकों को पक्के खोखे उपलब्ध करवाए गए हैं, ताकि उन्हें स्थायी सुविधा मिल सके। मुख्यमंत्री ने बताया कि शिक्षा निदेशालय का कार्यालय हमीरपुर स्थानांतरित करने को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इसके लिए हमीरपुर के उपनिदेशक को जमीन चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मेडिकल कॉलेज के मुद्दे पर भाजपा को घेरा
मुख्यमंत्री सुक्खू ने बिना नाम लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ नेता आते हैं और मेडिकल कॉलेज का श्रेय लेने की कोशिश करते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर मेडिकल कॉलेज की मंजूरी उन्होंने दिलवाई थी तो इसका नाम कांग्रेस नेता डॉ. राधाकृष्णन के नाम पर क्यों रखा गया।
सीएम ने कहा कि भाजपा नेताओं को अपने 20 साल के कार्यकाल का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए कि उन्होंने हमीरपुर और हिमाचल प्रदेश के लिए क्या काम किया।
उन्होंने कहा कि जोलसप्पड़ में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर में करीब डेढ़ महीने के भीतर कॉलेज को शिफ्ट कर दिया जाएगा, जिससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
भाजपा पांच गुटों में बंटी: सुक्खू
मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर बल्ह में एयरपोर्ट नहीं बना पाए और अब डबल इंजन सरकार के नाम पर विकास के दावे कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा वर्तमान समय में पांच गुटों में बंटी हुई है और पार्टी के नेता आपस में ही उलझे हुए हैं। सीएम ने दावा किया कि भाजपा के पास वर्तमान में 28 विधायक हैं, लेकिन आगामी विधानसभा चुनाव में यह संख्या 16 तक भी नहीं पहुंच पाएगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में आने वाली नहीं है और अगर गलती से ऐसा हुआ तो यह हमीरपुर और पूरे प्रदेश के लिए दुर्भाग्य होगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कहीं ऐसा न हो कि जीतने के बाद भी जयराम ठाकुर को विधानसभा अध्यक्ष पद से ही संतोष करना पड़े।
"भाजपा ने कांग्रेस को हिंदू होने का प्रमाणपत्र देने की दुकान खोल रखी है"
मुख्यमंत्री सुक्खू ने भाजपा नेताओं पर आरोप लगाया कि वे कांग्रेस को हिंदू होने का प्रमाणपत्र देने की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता उन लोगों को कभी स्वीकार नहीं करेगी जो हिमाचल की संपदा को नुकसान पहुंचाने का काम करते हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार प्रदेश के विकास, रोजगार और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देकर काम कर रही है।






